आतंकियों ने नाम पूछकर टूरिस्ट को गोली मारी; पीएम ने गृह मंत्री से की बात
जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम की बैसरन घाटी में मंगलवार को आतंकवाद ने एक बार फिर सिर उठाया। दोपहर को हुए इस आतंकी हमले में पर्यटकों को निशाना बनाया गया। एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि घायल संख्या 26 के करीब बताई जा रही है। लश्कर-ए-तैयबा ने हमले की जिम्मेदारी ली है, और घटनास्थल पर सुरक्षा बलों का सघन अभियान जारी है।
जम्मू-कश्मीर (ए)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पहलगाम की बैसरन घाटी मंगलवार दोपहर गोलियों की आवाज से दहल उठी। आतंकियों ने यहां पर्यटकों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। चश्मदीदों के अनुसार, आतंकियों ने एक टूरिस्ट से पहले उसका नाम पूछा, फिर सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
प्रशासन ने फिलहाल एक मौत की पुष्टि की है, जबकि घायलों की संख्या 26 के करीब बताई जा रही है, जिनमें कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हैं। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों की संख्या 26 से अधिक हो सकती है, ऐसे में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ली है। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद से अब तक की सबसे बड़ी आतंकी घटना मानी जा रही है, जब सीआरपीएफ के 47 जवान शहीद हुए थे।
घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब दौरे के दौरान गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की। पीएम ने हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए, जिसके बाद अमित शाह तुरंत श्रीनगर पहुंच गए और उन्होंने वहां के उच्चाधिकारियों के साथ आपात बैठक बुलाई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से संपर्क कर जमीनी हालात की जानकारी ली है। वहीं सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और ड्रोन व हेलिकॉप्टर की मदद से निगरानी की जा रही है।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अनंतनाग पुलिस ने पर्यटकों के लिए इमरजेंसी हेल्प डेस्क स्थापित किया है। हेल्पलाइन नंबर 9596777669 और 01932225870 तथा वॉट्सऐप नंबर 9419051940 जारी किए गए हैं।