छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचल से दिल्ली तक का सफर, राष्ट्रपति से मिलीं, IIT में दाखिले का सपना मजबूत
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की घने जंगलों और सीमित संसाधनों वाले अबूझमाड़ से दो छात्राओं ने अपने सपनों को पंख दिए हैं। छेरीबेड़ा की पल्लवी बुई और बसंती सलाम ने JEE एडवांस के लिए चयनित होकर पूरे इलाके को गौरवान्वित किया है। वे इन दिनों दिल्ली में विशेष कोचिंग में भाग ले रही हैं और राष्ट्रपति से मुलाकात कर भविष्य की दिशा को और भी स्पष्ट किया है।
नारायणपुर (छत्तीसगढ़)। अबूझमाड़ जैसे सुदूर और पिछड़े इलाके से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्थान बनाना किसी सपने से कम नहीं, लेकिन छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के छेरीबेड़ा की दो होनहार छात्राओं—पल्लवी बुई और बसंती सलाम—ने इस सपने को साकार कर दिखाया है। दोनों छात्राएं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छेरीबेड़ा में पढ़ाई कर रही हैं और अब JEE एडवांस की तैयारी के लिए दिल्ली में 15 दिन की विशेष कोचिंग में भाग ले रही हैं।
9 मई को इन दोनों छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने संघर्ष, लक्ष्य और शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय के योगदान को साझा किया। राष्ट्रपति ने उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पल्लवी और बसंती ने कहा कि यह अनुभव उनके जीवन का एक प्रेरणादायक क्षण है और यह उन्हें देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं में पहुँचने और एक सफल इंजीनियर बनने के लिए और अधिक मेहनत करने का संकल्प देता है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनमोहन त्यागी ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय, शिक्षकों और समुदाय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया कि वे भी इसी तरह मेहनत कर उच्चतम उपलब्धियों को प्राप्त करें।