
- IMF रिपोर्ट के अनुसार भारत की GDP 4.187 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंची
- नीति आयोग के CEO बोले – तीन साल में जर्मनी को भी पीछे छोड़ देगा भारत
- राजनीति गरमाई, कांग्रेस ने आंकड़ों पर उठाए सवाल, BJP ने मोदी को दिया श्रेय
भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की रेस में एक नया इतिहास रच दिया है। इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का स्थान हासिल कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ भारत अब अमेरिका, चीन और जर्मनी के बाद वैश्विक आर्थिक मानचित्र पर अग्रणी बन गया है।
नई दिल्ली (ए)। भारत ने आर्थिक विकास की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर पार कर लिया है। इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) की अप्रैल 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) अब 4.187 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जिससे उसने जापान (4.186 ट्रिलियन डॉलर) को पीछे छोड़ दिया है।
नीति आयोग के CEO बी वी आर सुब्रह्मण्यम ने इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह भारत के विकासशील विजन और आर्थिक नीतियों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि निर्धारित योजनाओं पर अमल होता रहा, तो भारत 2028 तक जर्मनी को भी पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
इस बीच, अमेरिका, चीन और जर्मनी भारत से आगे हैं, लेकिन अंतर तेजी से कम हो रहा है। सुब्रह्मण्यम ने यह भी कहा कि भारत अब वैश्विक विनिर्माण का एक सस्ता और प्रभावी केंद्र बन गया है, हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया टिप्पणियों से टैरिफ नीतियों में संभावित बदलाव की स्थिति अस्पष्ट बनी हुई है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाओं की बात करें तो कांग्रेस ने सरकार पर आंकड़ों की बाज़ीगरी का आरोप लगाते हुए दावा किया कि कुछ अरबपतियों की संपत्ति के आधार पर GDP का भ्रम फैलाया जा रहा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ज़मीनी सच्चाई बेरोजगारी और आय असमानता के रूप में सामने है, जिसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा कि कांग्रेस के 70 साल के शासन में भारत ‘नाजुक पांच’ अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, जबकि मोदी के नेतृत्व में सिर्फ 11 वर्षों में भारत चौथे स्थान पर पहुंच गया है।