पलंग और जमीन पर मिले शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका, एफएसएल व क्राइम ब्रांच जांच में जुटी
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र के बिरोदा गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक घर के भीतर पति-पत्नी की हत्या कर दी गई। दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले हैं और शरीर पर धारदार हथियार से हमले के गंभीर निशान हैं। पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या परिचित द्वारा की गई वारदात का लग रहा है।
रायपुर/अभनपुर: बिरोदा गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक दोहरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। गांव के निवासी भूखन ध्रुव (62) और उनकी पत्नी रुक्मणी ध्रुव (60) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस, क्राइम ब्रांच, एफएसएल, फिंगरप्रिंट टीम, डॉग स्क्वॉड और एसीसीयू टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

भूखन का शव घर के एक कमरे में पलंग पर पड़ा मिला, जबकि रुक्मणी का शव दूसरे कमरे में जमीन पर मिला। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के गहरे निशान हैं। घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला है, जिससे साफ जाहिर होता है कि घटना के वक्त संघर्ष हुआ था। पुलिस को संदेह है कि वारदात में किसी करीबी का हाथ हो सकता है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन आशंका रंजिश या पारिवारिक विवाद की जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूखन खेती-किसानी से जुड़ा था और दूसरों के खेतों में कीटनाशक छिड़कने का कार्य करता था। घटना का खुलासा तब हुआ जब वह बुधवार को काम पर नहीं पहुंचा और खेत मालिक उसे खोजते हुए घर पहुंचा। वहां दोनों की लाश देखकर उसने तुरंत सरपंच को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
मृतकों के तीन संतान हैं—दो बेटियां (धमतरी और पाटन में विवाहित) और एक बेटा जो रायपुर में रहता है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।