चैतन्य बघेल की हिरासत पर भाजपा ने भूपेश बघेल को बताया ‘गजनी’, कांग्रेस ने किया तीखा पलटवार—आरोप-प्रत्यारोप से गरमाया सियासी माहौल
छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर उबाल पर है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ED हिरासत के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। जहां भाजपा ने भूपेश को “गजनी” कहकर तंज कसा, वहीं कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप मढ़ दिए। चैतन्य की गिरफ्तारी के दिन ही उनका जन्मदिन था, जिसने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ED द्वारा चैतन्य बघेल की हिरासत के बाद सियासत गर्मा गई है। भाजपा ने इस मौके पर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आड़े हाथों लेते हुए उन पर पुराने फैसलों से “पलायन” करने का आरोप लगाया। राज्य के संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप ने भूपेश को “गजनी” बताते हुए तंज कसा कि उन्हें मुख्यमंत्री रहते अपने ही फैसलों की याद नहीं रहती।
जवाब में कांग्रेस ने भी तीखा पलटवार करते हुए केदार कश्यप पर निजी हमला किया। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि “गजनी तो खुद केदार हैं, जिन्हें यह भी याद नहीं कि परीक्षा में उनकी पत्नी की जगह उनकी साली बैठी थी।” शुक्ला ने भाजपा नेताओं पर भ्रष्टाचार और संरक्षणवाद के आरोप लगाते हुए कहा कि अगर कांग्रेस बदले की राजनीति करती, तो भाजपा के कई बड़े नेता सलाखों के पीछे होते। उन्होंने चैतन्य की गिरफ्तारी को “राजनीतिक साजिश” करार देते हुए कहा कि यह जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश है।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पार्टी नेताओं ने आर्थिक नाकेबंदी और जिला स्तर पर व्यापक विरोध की चेतावनी दी है। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर सड़क से सदन तक राजनीति गरम रहने के आसार हैं।