-
– बालोद में दिल दहला देने वाली वारदात,
– हारमोनियम सिखाने आने वाले प्रेमी से थी नजदीकियां
– शव पर हल्दी-गुलाल लगाकर बनाई झूठी कहानी
– अंतिम संस्कार की जल्दी में खुली हत्या की साजिश
– बिजली तार, रॉड और ग्लव्स से रची गई थी हत्या की प्लानिंग
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर की करंट देकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए शव पर हल्दी-गुलाल लगाकर गिरने की झूठी कहानी गढ़ी गई। लेकिन अंतिम संस्कार की हड़बड़ी ने पूरी साजिश की परतें खोल दीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बालोद। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ेनाडीह में एक दिल दहला देने वाली हत्या का पर्दाफाश हुआ है। यहां गीता निर्मलकर (30) नाम की महिला ने अपने प्रेमी लेखराम निषाद (45) के साथ मिलकर अपने ससुर मनोहर निर्मलकर (63) की करंट लगाकर हत्या कर दी। लेखराम हारमोनियम सिखाने के बहाने अक्सर गीता के घर आता था, जिससे ससुर को ऐतराज़ था। विरोध के चलते साजिश रची गई। 16 जुलाई की रात गीता ने लेखराम को बताया कि ससुर नशे में हैं।
रात 11 बजे लेखराम तार, लोहे की रॉड और ग्लव्स लेकर पहुंचा। दोनों ने मिलकर ससुर के गले, माथे और सीने पर करंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद गीता ने घावों को छिपाने के लिए शव पर हल्दी लगाई और ग्रामीणों को बताया कि ससुर शराब पीकर साइकिल से गिर गए थे। सुबह गांव में मौत की सूचना फैलने से पहले ही लेखराम ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।
लेखराम की हड़बड़ी पर ग्रामीणों को शक हुआ। जब शव को चिता पर लिटाने के दौरान कपड़ा हटाया गया तो गहरे घाव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश सामने आ गई। एसपी योगेश पटेल के अनुसार, हत्या की प्लानिंग पहले से की गई थी। बिजली दुकान से तार, रॉड और अन्य सामान लाया गया। साक्ष्यों के आधार पर गीता और लेखराम के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।