चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन तेज, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, सरगुजा सहित 33 जिलों में दोपहर 12 से 2 तक बंद का असर
छत्तीसगढ़ की राजनीति में शराब घोटाले को लेकर गर्माया सियासी पारा अब सड़कों तक पहुँच गया है। कांग्रेस ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के खिलाफ मंगलवार 22 जुलाई को प्रदेशव्यापी चक्काजाम का ऐलान किया है। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक राज्य के सभी 33 जिलों में प्रमुख मार्गों और नेशनल हाईवे को जाम किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को असुविधा हो सकती है। हालांकि स्कूली बसों और एम्बुलेंस को बाधा से मुक्त रखने की बात कही गई है।
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस अब सड़क पर उतरने जा रही है। ईडी की कार्रवाई को ‘राजनीतिक बदले की भावना’ बताते हुए कांग्रेस ने मंगलवार 22 जुलाई को दोपहर 12 से 2 बजे तक प्रदेशभर में चक्काजाम की घोषणा की है।

कांग्रेस के अनुसार यह विरोध प्रदर्शन रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, सरगुजा संभाग सहित सभी 33 जिलों में किया जाएगा। खासकर नेशनल हाईवे और मुख्य मार्गों पर यातायात रोकने की योजना है। राजधानी रायपुर में श्रीराम मंदिर चौक (करेंसी टॉवर), धरसींवा और धनेली में NH को जाम किया जाएगा। बिलासपुर में सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाईओवर, जगदलपुर में आमागुड़ा चौक, और दुर्ग में 6 अलग-अलग स्थानों पर अवरोध की रणनीति बनाई गई है।
कांग्रेस का आरोप और रणनीति
कांग्रेस ने आंदोलन को सफल बनाने 12 वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों का प्रभारी बनाया है। इसमें पार्टी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव सहित कई बड़े नेता शामिल रहेंगे।
कहाँ-कहाँ हो सकता है असर
- रायपुर: श्रीराम मंदिर चौक, धरसींवा, धनेली
- बिलासपुर: सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाईओवर
- जगदलपुर: आमागुड़ा चौक
- दुर्ग: 6 स्थानों पर अवरोध
अन्य संभाग: सरगुजा, रायगढ़, धमतरी में भी मुख्य मार्गों पर प्रदर्शन
यदि आप मंगलवार दोपहर यात्रा की योजना बना रहे हैं तो वैकल्पिक मार्गों का चयन करें। स्कूली बस और आपातकालीन सेवाओं को जाम से मुक्त रखने का आश्वासन जरूर दिया गया है, लेकिन व्यवधान से इनकार नहीं किया जा सकता।