
24 कैरेट सोना ₹99,107 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1.14 लाख प्रति किलो पर पहुंची; जानें आपके शहर में क्या हैं ताज़ा रेट
24 जुलाई को देशभर में सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है। कल के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर के बाद आज निवेशकों को झटका लगा है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, सोना और चांदी दोनों के दामों में गिरावट दर्ज की गई है।
मुंबई (ए)। भारत में आज सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट आई है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की रिपोर्ट के अनुसार, 24 कैरेट सोना ₹1,426 की गिरावट के साथ ₹99,107 प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। बीते दिन यह ₹1,00,533 प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर था। वहीं चांदी की कीमत भी ₹1,300 की गिरावट के साथ ₹1,14,550 प्रति किलो दर्ज की गई, जो कल ₹1,15,850 थी। कल यानी 23 जुलाई को दोनों धातुएं अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर थीं।
देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतें (24 कैरेट प्रति 10 ग्राम):
- दिल्ली – ₹1,01,120
- मुंबई – ₹1,00,970
- कोलकाता – ₹1,00,970
- चेन्नई – ₹1,00,970
- भोपाल – ₹1,01,020
22 कैरेट सोने की कीमत सभी शहरों में ₹92,500 से ₹92,700 के बीच है।
इस साल सोना ₹22,945 हुआ महंगा
2025 की शुरुआत से अब तक 24 कैरेट सोने की कीमतों में ₹22,945 की बढ़त हुई है। 1 जनवरी को इसका दाम ₹76,162 प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर ₹99,107 हो गया है। चांदी में भी इसी अवधि में ₹28,533 प्रति किलो की बढ़त दर्ज की गई है, जो ₹86,017 से बढ़कर ₹1,14,550 पर पहुंच गई है। पिछले साल 2024 में सोने की कीमत में कुल ₹12,810 की बढ़त हुई थी।
सुनिश्चित करें कि सोना हॉलमार्क वाला हो
सोना खरीदते समय हमेशा BIS प्रमाणित हॉलमार्क लगा हुआ गोल्ड ही खरीदें। हर ज्वेलरी पर 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्क कोड (जैसे AZ4524) होता है, जिसे HUID (हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर) कहा जाता है। इसी कोड से यह पुष्टि होती है कि सोना असली है और कितने कैरेट का है।