
अब तक 7000 से अधिक शिक्षकों को मिल चुका है प्रमोशन, सीएम के निर्देश पर तेजी से हो रही कार्यवाही
राज्य सरकार ने शिक्षक समुदाय को एक और बड़ी राहत देते हुए स्कूल शिक्षा विभाग के 1227 व्याख्याता शिक्षकों को पदोन्नति का तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों पर जारी यह निर्णय, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और योग्य शिक्षकों को समय पर प्रोत्साहन देने की दिशा में एक और सार्थक कदम है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में सुधार की दिशा में लगातार बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप, स्कूल शिक्षा विभाग ने 23 जुलाई 2025 को 1227 व्याख्याता (टी संवर्ग) शिक्षकों के पदोन्नति आदेश जारी किए हैं। यह पदोन्नति हिन्दी, अंग्रेज़ी, संस्कृत, गणित, भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान, इतिहास, भूगोल, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र और वाणिज्य जैसे विषयों में की गई है।
इन पदोन्नत शिक्षकों की पदोस्थापना काउंसिलिंग के माध्यम से की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और आवश्यकता के अनुसार स्थानों का निर्धारण हो सके। यह निर्णय राज्य सरकार की उस नीति को दर्शाता है, जिसमें शिक्षकों की वरिष्ठता, कार्यकुशलता और पात्रता को प्राथमिकता दी जाती है।
गौरतलब है कि बीते एक वर्ष में विभाग ने जिला और संभाग स्तर पर 7000 से अधिक शिक्षकों को पदोन्नति प्रदान की है। इसके अतिरिक्त, 2621 सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) की सीधी भर्ती भी काउंसिलिंग प्रक्रिया के माध्यम से की गई है, जिससे राज्य के स्कूलों में प्रयोगात्मक शिक्षा को मजबूती मिली है।
इससे पहले 30 अप्रैल 2025 को सरकार ने लगभग 2900 प्राचार्यों को भी पदोन्नति दी थी। अब उनके स्थान निर्धारण की प्रक्रिया शीघ्र ही काउंसिलिंग के माध्यम से पूरी की जाएगी। हालांकि, ई संवर्ग के प्राचार्यों से संबंधित मामला माननीय न्यायालय में विचाराधीन है, और न्यायालय के निर्णयानुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएंगी।