
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में भारत तीन स्थान ऊपर चढ़ा, अब 59 देशों में वीजा-फ्री यात्रा की सुविधा
दुनिया भर में पासपोर्ट की ताकत को मापने वाले हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 में भारत की स्थिति में सुधार दर्ज हुआ है। भारत अब 77वें स्थान पर पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में तीन पायदान ऊपर है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग बेहतर हुई है।
भारतीय पासपोर्ट को लेकर इस साल एक अच्छी खबर सामने आई है। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 के मुताबिक भारत की वैश्विक रैंकिंग में सुधार हुआ है और अब यह 77वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले वर्ष यह रैंकिंग 80वीं थी, जबकि 2023 में भारत 84वें स्थान पर था।
इस इंडेक्स के अनुसार अब भारतीय नागरिक दुनिया के 59 देशों में बिना वीजा या वीजा-ऑन-अराइवल के यात्रा कर सकते हैं। हालांकि यह संख्या पिछले साल के 62 से थोड़ी कम है, लेकिन वैश्विक स्तर पर अन्य देशों की रैंकिंग में हुए बदलावों के चलते भारत की स्थिति में फिर भी बढ़त हुई है भारत इस साल बुर्किना फासो, कोट डी आइवर और सेनेगल के साथ संयुक्त रूप से 77वें स्थान पर है।
◉ पड़ोसी देशों और वैश्विक रैंकिंग की स्थिति
भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान की रैंकिंग में भी थोड़ा सुधार हुआ है। वह 101वें स्थान से बढ़कर अब 96वें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, सिंगापुर लगातार दूसरे साल शीर्ष स्थान पर बना हुआ है, जहां के नागरिक 194 देशों में वीजा फ्री यात्रा कर सकते हैं।
दूसरे स्थान पर जापान और दक्षिण कोरिया, जबकि तीसरे स्थान पर जर्मनी, फ्रांस, डेनमार्क, इटली और स्पेन जैसे यूरोपीय देश हैं। इन देशों के नागरिक 189 देशों में वीजा-फ्री या ऑन-अराइवल वीजा की सुविधा का लाभ उठाते हैं।
◉ भारतीय पासपोर्ट धारकों को वीजा फ्री सुविधा देने वाले 59 देश
हेनले इंडेक्स के अनुसार, भारतीय नागरिक अफ्रीका के 19, एशिया के 18, उत्तरी अमेरिका के 10, ओशिनिया के 10 और दक्षिण अमेरिका के 1 देश में वीजा के बिना यात्रा कर सकते हैं।
इन देशों में शामिल हैं:
**अंगोला, बारबाडोस, भूटान, बोलीविया, ब्रिटिश वर्जिन द्वीप समूह, बुरुंडी, कंबोडिया, केप वर्डे, कोमोरो द्वीप, कुक द्वीप, जिबूती, डोमिनिका, इथियोपिया, फिजी, ग्रेनाडा, गिनी बिसाऊ, हैती, इंडोनेशिया, ईरान, जमैका, जॉर्डन, कजाकिस्तान, केन्या, किरिबाती, लाओस, मकाओ, मेडागास्कर, मलेशिया, मालदीव, मार्शल द्वीप, मॉरीशस, माइक्रोनेशिया, मंगोलिया, मोंटसेराट, मोजाम्बिक, म्यांमार, नामीबिया, नेपाल, नीयू, पलाऊ, फिलीपींस, कतर, रवांडा, समोआ, सेनेगल, सेशेल्स, सिएरा लियोन, सोमालिया, श्रीलंका, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस, तंजानिया, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, तुवालु, वानुअतु और ज़िम्बाब्वे।
◉ हेनले पासपोर्ट इंडेक्स क्या है?
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स एक अंतरराष्ट्रीय सूची है जो यह दर्शाती है कि किसी देश का पासपोर्ट अपने धारक को कितने देशों में वीजा-फ्री या वीजा-ऑन-अराइवल यात्रा की सुविधा देता है। यह सूची हेनले एंड पार्टनर्स द्वारा IATA (इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन) के डेटा के आधार पर तैयार की जाती है।