बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व में बड़ी गिरावट; ऑटो, मेटल और FMCG सेक्टर दबाव में, एशियाई बाजार भी कमजोर
शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 600 अंकों की गिरावट के साथ 81,600 के करीब कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 25,000 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया। निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक संकेतों के दबाव में बाजार लाल निशान में है।
भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार, 25 जुलाई को भारी दबाव में नजर आया। बीएसई सेंसेक्स 600 अंक टूटकर 81,600 के स्तर पर पहुंच गया है, जबकि एनएसई निफ्टी करीब 200 अंक लुढ़ककर 24,850 के पास कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयरों में गिरावट है, वहीं केवल 3 शेयर हरे निशान में हैं। बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व क्रमश: 5.3% और 4.2% तक टूटे हैं। जोमैटो और इंफोसिस जैसे प्रमुख शेयरों में भी 2% तक गिरावट देखी गई। निफ्टी के 50 शेयरों में से 43 गिरावट में हैं। हालांकि, बैंकिंग, फार्मा, रियल्टी और हेल्थकेयर इंडेक्स में कुछ मजबूती नजर आई है। इसके विपरीत ऑटो, मेटल और FMCG सेक्टर सबसे अधिक नुकसान में हैं।
वैश्विक बाजारों का हाल:
एशियाई बाजारों में भी कमजोरी का रुख बना हुआ है। जापान का निक्केई 0.61% की गिरावट के साथ 41,570 पर, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 1.10% टूटकर 25,385 पर है। चीन का शंघाई कंपोजिट भी 0.34% नीचे कारोबार कर रहा है। हालांकि, कोरिया का कोस्पी 0.45% की तेजी के साथ हरे निशान में है।
अमेरिकी बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। डाउ जोंस 0.70% चढ़ा, जबकि नैस्डैक और S&P 500 मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी:
24 जुलाई को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 2,134 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 2,617 करोड़ रुपये की खरीदारी की। जुलाई में अब तक FIIs की कुल बिकवाली 28,528 करोड़ रुपये रही है, जबकि DIIs ने 37,687 करोड़ की नेट खरीदारी की है।
पिछले दिन की गिरावट का असर:
गुरुवार, 24 जुलाई को भी बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स 542 अंक टूटकर 82,184 पर और निफ्टी 158 अंक गिरकर 25,062 पर बंद हुआ था। उस दिन ट्रेंट, टेक महिंद्रा और बजाज फिनसर्व में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई थी, जबकि जोमैटो, टाटा मोटर्स और सनफार्मा में तेजी रही।