21 किलो से ज्यादा गांजा बरामद, दो मामलों में कार्रवाई; ऑपरेशन विश्वास के तहत पकड़े गए आरोपी
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भिलाई में ढाई लाख रुपए कीमत का 21 किलो से अधिक अवैध गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं और दो स्थानीय निवासी हैं।
दुर्ग। भिलाई में गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई 24 जुलाई को सेक्टर-6 स्थित आयकर भवन के पास की गई, जहां आरोपी ग्राहक की तलाश कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से चार पैकेट में रखा गया करीब 21.393 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2.12 लाख रुपये है। पुलिस ने मौके से एक हजार रुपये नकद भी जब्त किया।
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी उत्तरप्रदेश के मेरठ निवासी कैफ अब्बासी (23) और बागपत निवासी उस्मान कुरैशी (22) हैं। दोनों युवक गांजा बेचने के इरादे से भिलाई पहुंचे थे। उनके पास से किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसी दिन ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत भिलाई से ही दो और आरोपी — जगदीश भारती (26) और अंकित सूर्यवंशी (31) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 1.363 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है।
चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि गांजा की तस्करी को लेकर जिले में विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी तरह की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।