सुपेला पुलिस की छापामार कार्रवाई, संचालिका समेत टेली कॉलर और ग्राहक पकड़े गए, मुख्य आरोपी फरार
भिलाई। सुपेला थाना पुलिस ने शुक्रवार को भिलाई के नेहरू नगर चौक स्थित द ग्रीन डे स्पा में छापा मारकर अनैतिक देह व्यापार के एक गिरोह का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में स्पा संचालिका सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी स्पा का मालिक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, टैबलेट, आपत्तिजनक वस्तुएं और ग्राहकों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्पा सेंटर में रेड डाली। छापे के दौरान संचालिका संध्या कुमारी, ग्राहक अरविंद यादव और आदित्य सिंह के साथ दो टेली कॉलर—जैनम खातून और योगिता गंधर्व—को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि टेली कॉलर्स अलग-अलग मोबाइल नंबरों से ग्राहकों को फोन कर बुलाती थीं और स्पा की आड़ में देह व्यापार करवाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों से 6 मोबाइल फोन, 1 लेनोवा टैबलेट, 8 डायरी, 4 रजिस्टर, 600 रुपए नगद और आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की हैं। इन दस्तावेजों में ग्राहकों की जानकारी और अन्य कॉल डिटेल्स दर्ज हैं।
पुलिस ने मामला अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धाराओं 3, 4, 5 और 7 के तहत दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार स्पा मालिक की तलाश जारी है। साथ ही नगर पालिका को स्पा सेंटर का गुमास्ता लाइसेंस निरस्त करने हेतु प्रतिवेदन भेजा गया है। इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी, निरीक्षक विजय कुमार यादव, उनि मनीष वाजपेयी, महिला रक्षा टीम प्रभारी संगीता मिश्रा सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
- संध्या कुमारी (संचालिका), निवासी सुपेला
- अरविंद यादव (ग्राहक), निवासी सुपेला
- आदित्य सिंह (ग्राहक), निवासी सुपेला
- जैनम खातून (टेली कॉलर), निवासी सुपेला
- योगिता गंधर्व (टेली कॉलर), उम्र 23 वर्ष, निवासी सुपेला