दंतेवाड़ा के भूपेंद्र को ऑनलाइन मुनाफे का लालच देकर फंसाया गया, शुरू में दिया लाभ फिर अकाउंट से ठगे लाखों
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मनरेगा विभाग के एक कर्मी के साथ 61 लाख रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। वर्क फ्रॉम होम के नाम पर पहले तो उन्हें मुनाफा दिखाया गया, फिर निवेश के नाम पर मोटी रकम ऐंठ ली गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केरल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने मनरेगा कर्मचारी भूपेंद्र तेलामी से 61 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ‘वर्क फ्रॉम होम’ योजना के नाम पर उन्हें पहले छोटे मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा। शुरुआत में हुए लाभ से प्रोत्साहित होकर भूपेंद्र ने बड़ी रकम निवेश कर दी।
ठगों ने दावा किया कि जमा की गई रकम पर दो गुना फायदा मिलेगा, जिसके झांसे में आकर पीड़ित ने कई बार अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए। बाद में जब रिटर्न की बात आई तो आरोपी टालमटोल करने लगे और फिर मोबाइल नंबर भी बंद कर दिए।
घटना की रिपोर्ट गीदम थाने में दर्ज होने के बाद, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन केरल में मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी विजय पटेल के नेतृत्व में टीम वहां पहुंची और तीन आरोपियों — लागिथ गणेश (30), जितिन (30) और मुनीर (28) को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों को छत्तीसगढ़ लाकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी राजस्थान और महाराष्ट्र से ऐसे गिरोह पकड़े जा चुके हैं। आम जनता को ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की गई है।