10 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा और झंडारोहण अभियान, एमपी-यूपी से भी आएंगे ध्वज, 50 लाख घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ बीजेपी ने इस बार “हर घर तिरंगा” अभियान को बड़े पैमाने पर चलाने का फैसला किया है। पार्टी ने सांसद, विधायक, पूर्व सांसद-विधायक और पदाधिकारियों को शक्ति केंद्र स्तर पर 50-50 तिरंगे उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी है। लक्ष्य है कि 50 लाख घरों में तिरंगा फहराया जाए, जो पिछले साल की तुलना में दोगुना है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी ने स्वतंत्रता दिवस से पहले “हर घर तिरंगा” अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारने की तैयारी तेज कर दी है। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि सांसद, विधायक, पूर्व सांसद-विधायक, मंडल सदस्यों समेत संगठन के पदाधिकारियों को अपने-अपने शक्ति केंद्रों में 50-50 तिरंगे उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
बीजेपी नेता नवीन मार्कंडेय ने बताया कि “मोर तिरंगा मोर अभिमान” अभियान को सफल बनाने के लिए संगठन ने 12 लाख तिरंगों का ऑर्डर दिया है। इनमें से कुछ ध्वज मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से भी मंगवाए जाएंगे। तिरंगा यात्रा की प्रभारी नीलू शर्मा ने कहा कि 10 से 14 अगस्त तक मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जिसमें महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की विशेष भूमिका रहेगी। वहीं 13 से 15 अगस्त तक घरों, संस्थानों और कार्यालयों में तिरंगा फहराने का अभियान चलेगा।
इस बार तिरंगा यात्रा को “ऑपरेशन सिंदूर” से भी जोड़ा गया है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के साथ जनभावना और बलिदान की भावना को जोड़ना है। बच्चों से लेकर युवाओं तक को झंडा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय ध्वज का महत्व समझ सकें।
बीजेपी ने इस बार 50 लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 24 लाख थी। अभियान की सफलता के लिए जिला, मंडल और बूथ स्तर तक बैठकों का दौर जारी है। पार्टी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों में बच्चों के हाथों तिरंगा फहरवाएं, जिससे उनके मन में राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत हो।