प्रदेश का पहला नगर निगम बना बिलासपुर, प्रॉपर्टी टैक्स से लेकर जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र तक सुविधाएं अब स्मार्ट चैटबॉट पर
बिलासपुर नगर निगम ने डिजिटलीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्रदेश का पहला नगर निगम बनकर यह शहर अब नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराएगा। वॉट्सऐप आधारित स्मार्ट चैटबॉट के जरिए टैक्स भुगतान, शिकायत निवारण और प्रमाणपत्र जैसी सुविधाएं कुछ ही मिनटों में लोगों तक पहुंचेंगी।
बिलासपुर। प्रदेश की स्मार्ट सिटी बिलासपुर अब ई-गवर्नेंस की ओर तेजी से कदम बढ़ा रही है। नगर निगम ने डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए वॉट्सऐप चैटबॉट सुविधा की शुरुआत करने जा रहा है। इसके साथ ही बिलासपुर प्रदेश का पहला ऐसा नगरीय निकाय बन जाएगा, जहां नागरिकों को अधिकांश सेवाएं घर बैठे सिर्फ मोबाइल पर मिलेंगी। इस सुविधा के तहत प्रॉपर्टी टैक्स की जानकारी और भुगतान, बिल्डिंग परमिशन, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और शिकायत पंजीकरण जैसे कार्य मिनटों में पूरे हो जाएंगे।
चैटबॉट का उपयोग भी बेहद आसान होगा। निगम की ओर से विशेष वॉट्सऐप नंबर 91 88157 82574 जारी किया जाएगा। इस नंबर को मोबाइल में सेव कर ‘हाय’ या ‘नमस्ते’ लिखकर संदेश भेजने पर ऑटोमेटिक रिप्लाई मिलेगा, जिसमें सेवाओं की सूची दी होगी। नागरिक अपनी आवश्यकता अनुसार विकल्प चुनकर सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। यह चैटबॉट एआई तकनीक पर आधारित है और निगम इसे वेबसाइट व सोशल मीडिया पर भी प्रमोट करेगा।
इसी क्रम में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने स्वच्छ वार्ड चैलेंज की भी शुरुआत की है। इस प्रतियोगिता का ऐलान केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया। हर माह सभी वार्डों का मूल्यांकन होगा और सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ वार्ड को विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाएगा। साथ ही, इस बार स्वच्छ दुर्गोत्सव पंडाल प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें सर्वाधिक स्वच्छ पंडालों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे।