बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर, सरगुजा, बस्तर और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्रों के अभियंता बदले गए
रायपुर। राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में सात मुख्य अभियंताओं का स्थानांतरण एवं नई पदस्थापना की गई है। इस फेरबदल में बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर, सरगुजा और बस्तर परिक्षेत्र सहित राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र प्रभावित हुए हैं।
राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग में व्यापक फेरबदल करते हुए सात मुख्य अभियंताओं की नई पदस्थापना की है। मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय के वास्तुविद, डिजाइन एवं सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ में पदस्थ मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे को अब बिलासपुर परिक्षेत्र का मुख्य अभियंता बनाया गया है।
इसी तरह सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता नागेश कुमार जयंत को दुर्ग परिक्षेत्र का कार्यभार सौंपा गया है, जबकि ए.डी.बी. परियोजनाओं के निदेशक पी.एम. कश्यप को रायपुर परिक्षेत्र का नया मुख्य अभियंता नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एम.एल. उरांव को बस्तर परिक्षेत्र भेजा गया है। वहीं, रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप अब राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र का कार्यभार संभालेंगे।
आदेश के अनुसार बस्तर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता जी.आर. रावटे को नवा रायपुर में प्रमुख अभियंता कार्यालय के वास्तुविद, डिजाइन एवं सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ का कार्य सौंपा गया है। दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता भोलाशंकर बघेल को सरगुजा परिक्षेत्र का नया मुख्य अभियंता बनाया गया है।
इसके अलावा बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता विजय सिंह कोरम को प्रमुख अभियंता कार्यालय, नवा रायपुर में मुख्य अभियंता (प्रशासन) के पद पर पदस्थ किया गया है।