ग्लोबल मार्केट से मिले सकारात्मक संकेतों का असर; एशियाई बाजारों में भी मजबूती, ऑर्कला इंडिया का IPO 2.75% प्रीमियम पर लिस्ट
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में तेजी का माहौल देखने को मिला। मंगलवार को सेंसेक्स 300 अंकों की बढ़त के साथ 83,550 के स्तर पर और निफ्टी 70 अंक चढ़कर 25,600 पर कारोबार कर रहा है। निवेशकों की खरीदारी FMCG, ऑटो और IT सेक्टर के शेयरों में ज्यादा रही, जबकि मेटल शेयरों में हल्की गिरावट देखने को मिली।
मुंबई (ए)। भारतीय शेयर बाजार में आज यानी 6 नवंबर को तेजी का रुख बना हुआ है। सेंसेक्स 300 अंक की मजबूती के साथ 83,550 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी भी 70 अंकों की बढ़त के साथ 25,600 के पार पहुंच गया है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में बढ़त और 7 में गिरावट दर्ज की गई। FMCG, ऑटो और IT सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखी जा रही है, जबकि मेटल शेयर दबाव में हैं। इस बीच, ऑर्कला इंडिया का IPO आज मेनबोर्ड पर 2.75% प्रीमियम के साथ ₹750 पर लिस्ट हुआ। निवेशकों के उत्साह से बाजार का मूड सकारात्मक बना हुआ है।
ग्लोबल मार्केट से मिली मजबूती
एशियाई बाजारों में भी आज तेजी का रुख है। जापान का निक्केई इंडेक्स 1.11% चढ़कर 50,768 पर, जबकि कोरिया का कोस्पी 1.32% बढ़कर 4,057 पर ट्रेड कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 1.63% उछलकर 26,357 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.88% ऊपर 4,004 पर कारोबार कर रहा है।
अमेरिकी बाजारों में भी 5 नवंबर को बढ़त रही, जहां डाउ जोन्स 0.48%, नैस्डेक 0.65% और S&P 500 0.37% ऊपर बंद हुए।
ग्रो का IPO दूसरे दिन भी चर्चा में
स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म ग्रो (Groww) की पेरेंट कंपनी बिलियनब्रेन गैराज वेंचर्स का IPO आज दूसरे दिन भी निवेशकों की नजर में है। यह इश्यू 7 नवंबर तक खुला रहेगा। कंपनी इस IPO से कुल ₹6,632.30 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है, जिसमें ₹1,060 करोड़ के नए शेयर और ₹5,572.30 करोड़ के ऑफर फॉर सेल शेयर शामिल हैं।
FII ने बेचे शेयर, DII ने खरीदे
4 नवंबर को विदेशी निवेशकों (FII) ने ₹6,728 करोड़ के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने ₹1,202 करोड़ के शेयर खरीदे।
अक्टूबर में विदेशी निवेशकों ने ₹14,610 करोड़ का निवेश किया, जबकि सितंबर में उन्होंने ₹35,301 करोड़ की बिकवाली की थी। उसी दौरान घरेलू निवेशकों ने ₹65,343 करोड़ की नेट खरीदारी की थी।
पिछले सत्र में रही थी गिरावट
इससे पहले 4 नवंबर को बाजार में कमजोरी रही थी। सेंसेक्स 519 अंक गिरकर 83,459 पर और निफ्टी 165 अंक टूटकर 25,597 पर बंद हुआ था।