सुबह 5:25 बजे अलग-अलग वाहनों से पहुंचे; डस्टबिन के पास संदिग्ध गतिविधि कर मिनटों में हुए फरार, पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी
रायपुर के अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में गुरुवार सुबह भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। CCTV फुटेज में दो महिला और दो पुरुष संदिग्ध नजर आए हैं, जो अलग-अलग गाड़ियों से अस्पताल परिसर में पहुंचे और कुछ मिनटों बाद लौट गए। पुलिस अब चारों की तलाश कर रही है।
रायपुर। राजधानी के अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) परिसर में 7 नवंबर की सुबह मिली भ्रूण की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। CCTV कैमरों की जांच में सामने आया है कि सुबह 5:25 बजे दो बुर्का पहनी महिलाएं और दो पुरुष अलग-अलग गाड़ियों से अस्पताल परिसर पहुंचे थे। फुटेज में ये लोग डस्टबिन के आसपास संदिग्ध गतिविधि करते नजर आए, जहां बाद में भ्रूण बरामद हुआ।
मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार फुटेज में दिखाई दे रही दोनों महिलाएं अलग-अलग वाहनों से अस्पताल पहुँची थीं। परिसर में ये लोग करीब 3 मिनट तक रुके और फिर तुरंत गाड़ियां मोड़कर वापस निकल गए। इस दौरान उन्होंने किसी से बातचीत नहीं की और सीधे उसी स्थान के आसपास घूमते रहे, जहां से बाद में भ्रूण मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही मौदहापारा पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर में तैनात चार कर्मचारियों से पूछताछ की गई है। वहीं अस्पताल प्रबंधन द्वारा लगाए गए बंदूकधारी और डंडाधारी सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि संदिग्ध आसानी से अंदर आए, भ्रूण फेंककर निकल गए और किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश तक नहीं की।
पुलिस अब फुटेज के आधार पर चारों संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुट गई है। घटना से अस्पताल परिसर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान लग गया है।