अम्बिकापुर के पी.जी. कॉलेज मैदान में 19–20 नवंबर को होगा दो दिवसीय भव्य आयोजन; जनजातीय इतिहास, लोकनृत्य, प्रदर्शनी और वीर परिवारों का सम्मान कार्यक्रम की विशेष आकर्षण
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार 19 और 20 नवंबर को अम्बिकापुर में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन करने जा रही है। दो दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण 20 नवंबर को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति होगी, जो कार्यक्रम में जनजातीय नायकों के परिजनों को सम्मानित करेंगी।
रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर राज्य सरकार द्वारा 19–20 नवंबर को अम्बिकापुर के पी.जी. कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी मुख्य शिरकत
20 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी। समापन समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका करेंगे।
कई केंद्रीय व राज्यस्तरीय नेता होंगे शामिल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गा दास उइके, श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा सहित कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधि और नगर निगम अम्बिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत भी समारोह में शामिल होंगी।
19 नवंबर : संगोष्ठी, लोकनृत्य और क्राफ्ट मेला
पहले दिन राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरवशाली इतिहास एवं जननायकों पर संगोष्ठी आयोजित होगी। इसके साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र का जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव, शहीद वीर नारायण सिंह लोककला नृत्य प्रतियोगिता तथा सरगुजा संभाग की राज्य स्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी व क्राफ्ट मेला भी प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
20 नवंबर : राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
मुख्य आयोजन दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू जनजातीय विद्रोहों के नायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित करेंगी। इसी अवसर पर राज्य सरकार मुख्यमंत्री बैगा, गुनिया, हड़जोड़ सम्मान योजना का औपचारिक शुभारंभ भी करेगी।