कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने झारखंड सीमा से लगे चेकपोस्टों का देर रात निरीक्षण किया, अधिकारियों को दिए गए सख़्त निर्देश
प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान परिवहन की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए जशपुर जिले में प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने झारखंड सीमा से लगे चेकपोस्टों का देर रात निरीक्षण कर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की।
रायपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही राज्य में अवैध धान की आवाजाही रोकने प्रशासन ने सख़्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में जशपुर जिला प्रशासन ने झारखंड से सटे सीमावर्ती चेकपोस्टों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की समीक्षा तेज कर दी है।
देर रात टीम का औचक निरीक्षण
कलेक्टर के निर्देश पर गठित निरीक्षण दल—तहसीलदार जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर आलोक टोप्पो, मंडी निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक और पटवारी—ने भलमंडा, सकरडेगा और साईंटांगाटोली चेकपोस्टों का दौरा किया।
टीम ने वाहन चेकिंग, सुरक्षा प्रबंधन और निगरानी तंत्र की विस्तार से जांच की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को अवैध धान परिवहन पर सख़्त रोक लगाने आवश्यक निर्देश दिए।
स्थानीय प्रतिनिधियों की भी मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान संबंधित ग्रामों के सरपंच और सचिव भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उनसे सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने और ग्रामीणों को जागरूक करने का आग्रह किया, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
उल्लंघन पर होगी कठोर कार्रवाई
जिला प्रशासन ने कहा है कि सीमावर्ती इलाकों में सतत निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।