हायर सेकेंडरी की पढ़ाई दोपहर 12 बजे से; प्रदेश के 19 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही ठंड के असर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। दुर्ग जिले में स्कूली बच्चों को ठंड से राहत देने के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
रायपुर। प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच दुर्ग जिले में स्कूलों की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। कलेक्टर ने आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों की टाइमिंग तत्काल प्रभाव से बदल दी है। यह व्यवस्था 15 जनवरी 2026 तक लागू रहेगी।
नए आदेश के अनुसार प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों की पहली पाली की कक्षाएं सुबह 8 बजे से संचालित होंगी, जबकि हायर सेकेंडरी की दूसरी पाली की कक्षाएं दोपहर 12 बजे से शुरू की जाएंगी।
19 जिलों में कोल्ड-वेव अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि विभाग का कहना है कि मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे हल्की राहत मिलने की संभावना है।
7 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे
बीते दिनों प्रदेश के सात शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा, जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव शामिल हैं। मैनपाट में रात का तापमान 4 डिग्री से नीचे चला गया, जहां ओस जमकर बर्फ में तब्दील हो गई।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री, पेंड्रा में 8.6 डिग्री, जगदलपुर और दुर्ग में 8.2 डिग्री तथा राजनांदगांव में 9.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री राजनांदगांव में दर्ज किया गया।
ठंड से बढ़ी त्वचा संबंधी बीमारियां
ठंड के बढ़ते असर से अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में रोजाना 300 से 350 मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं। डर्मेटोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. मृत्युंजय सिंह ने बताया कि ड्राई स्किन, एक्जिमा और सोरायसिस के मामले इस मौसम में आम हैं, लेकिन लापरवाही गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है।
ठंड से मौत का मामला भी सामने आया
दो दिन पहले अंबिकापुर में खुले में सो रहे एक व्यक्ति की ठंड से मौत हो चुकी है। इसे देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा और कई इलाकों में शीतलहर चल सकती है।