- ISEI के रायपुर आयोजन में वर्ष 2025 के कार्यों के लिए मिला सम्मान
- एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देशन में चला सघन सड़क सुरक्षा अभियान
- एएसपी यातायात ऋचा मिश्रा ने ग्रहण किया सम्मान
- एएसआई सुशील पांडे और आरक्षक विजय शर्मा को व्यक्तिगत सम्मान
छत्तीसगढ़ की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए यातायात पुलिस दुर्ग को सम्मानित किया गया है। ISEI (इंस्टीट्यूशन ऑफ सेफ्टी इंजीनियर्स–इंडिया) द्वारा रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2025 के दौरान किए गए उत्कृष्ट यातायात एवं सड़क सुरक्षा कार्यों को सराहा गया।
दुर्ग-भिलाई। ISEI (Institution of Safety Engineers – India) द्वारा 10 जनवरी 2026 को रायपुर में आयोजित सम्मान समारोह में यातायात एवं सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए यातायात पुलिस दुर्ग को सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देशन में वर्ष 2025 के दौरान किए गए प्रभावी यातायात प्रबंधन, दुर्घटना नियंत्रण और जनजागरूकता अभियानों के लिए दिया गया। सम्मान समारोह में यातायात पुलिस दुर्ग की ओर से यह सम्मान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री ऋचा मिश्रा ने ग्रहण किया। आयोजन में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, नियमों के सख्त पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति निरंतर प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की गई।

यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा वर्ष 2025 में ऑपरेशन सुरक्षा अभियान के तहत नियम उल्लंघन करने वालों पर व्यापक कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट 20,235, बिना सीट बेल्ट 7,238, नशे में वाहन चलाने के 1,381, तेज गति के 1,685 और गलत पार्किंग के 10,945 मामलों में चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर सड़क, बिजली व्यवस्था, डिवाइडर, साइन बोर्ड और अन्य इंजीनियरिंग सुधार कार्य कराए गए।
यातायात जागरूकता के लिए स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
समारोह के दौरान सहायक उप निरीक्षक (ASI) सुशील पांडे को ड्यूटी के दौरान सजगता, सतर्कता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। वहीं आरक्षक विजय शर्मा को विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था से जुड़े सुधारात्मक कार्यों को समय पर पूर्ण कराने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में योगदान के लिए सम्मान मिला।
यह सम्मान यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जनहित में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की मान्यता है। इससे पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में भी सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।