- आरजी कर केस की जांच करने वाले CBI अधिकारी को भी वीरता पदक
- प्रेसिडेंट और मेरिटोरियस सर्विस मेडल की भी घोषणा
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर केंद्र सरकार ने देश की आंतरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 982 पुलिस और अर्धसैनिक कर्मियों के लिए वीरता एवं सेवा पदकों की घोषणा की है। इनमें 125 कर्मियों को विशिष्ट साहस के लिए गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
नई दिल्ली (ए)। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और करेक्शनल सर्विस से जुड़े 982 कर्मियों को वीरता और उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित करने की घोषणा की है। इन पुरस्कारों में 125 गैलेंट्री मेडल, 101 प्रेसिडेंट मेडल (PSM) और 756 मेरिटोरियस सर्विस मेडल (MSM) शामिल हैं।
वीरता पदकों में सबसे अधिक 45 सम्मान जम्मू-कश्मीर ऑपरेशन थिएटर में तैनात कर्मियों को प्रदान किए गए हैं। इसके बाद नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात 35 और पूर्वोत्तर राज्यों में तैनात 5 कर्मियों को वीरता पुरस्कार दिए गए हैं। इसके अलावा फायर ब्रिगेड सेवा के 4 बचावकर्मियों को भी असाधारण साहस के लिए गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया गया है। राज्यवार आंकड़ों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर पुलिस को सर्वाधिक 33 वीरता पदक मिले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस को 31, उत्तर प्रदेश पुलिस को 18 और दिल्ली पुलिस को 14 वीरता पुरस्कार प्रदान किए गए हैं।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में सीआरपीएफ एकमात्र बल है, जिसके 12 कर्मियों को वीरता पदक प्रदान किए गए हैं। वहीं केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के 31 अधिकारियों को प्रेसिडेंट मेडल और मेरिटोरियस सर्विस मेडल से सम्मानित किया गया है।
इन सम्मानित अधिकारियों में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस की जांच करने वाले CBI के जॉइंट डायरेक्टर वी. चंद्रशेखर का नाम भी शामिल है। उन्होंने इस संवेदनशील और चर्चित मामले की जांच में अहम भूमिका निभाई थी।
पुरस्कारों का विस्तृत विवरण इस प्रकार है— 125 गैलेंट्री मेडल में 121 पुलिस कर्मियों और 4 फायर ब्रिगेड कर्मियों को सम्मानित किया गया है। 101 प्रेसिडेंट मेडल में 89 पुलिस कर्मी, 5 फायर ब्रिगेड कर्मी, 3 सिविल डिफेंस-होमगार्ड सेवा और 4 करेक्शनल सर्विस कर्मी शामिल हैं। वहीं 756 मेरिटोरियस सर्विस मेडल में 664 पुलिस कर्मी, 34 फायर ब्रिगेड, 33 सिविल डिफेंस-होमगार्ड और 25 करेक्शनल सर्विस कर्मियों को सम्मानित किया गया है।
गणतंत्र दिवस पर इन सम्मानों की घोषणा देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आपदा प्रबंधन में लगे कर्मियों के साहस, समर्पण और सेवा भावना को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने का प्रतीक है।