नारायणपुर में ITBP, CRPF, COBRA, BSF, DRG और CAF के जवानों से की आत्मीय मुलाकात, शांति और विकास में योगदान की सराहना
नारायणपुर(ए) : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर प्रवास के दौरान सुरक्षाबलों का हौसला बढ़ाने के लिए एक संवेदनशील और प्रेरणादायक पहल की। मुख्यमंत्री साय नारायणपुर स्थित आईटीबीपी बटालियन परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने आईटीबीपी, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, बीएसएफ, डीआरजी और सीएएफ के जवानों एवं अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर में शांति और सुरक्षा स्थापित करने में सुरक्षाबलों के योगदान की जमकर सराहना की और जवानों के साथ रात्रि भोज कर उनका मनोबल बढ़ाया।
जवानों के साहस से बदली बस्तर की तस्वीर
मुख्यमंत्री साय ने जवानों से संवाद करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण बस्तर का एक बड़ा हिस्सा लंबे समय तक माओवाद की हिंसा के कारण विकास की मुख्यधारा से कट गया था। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम की बदौलत ही आज बस्तर में शांति और सुरक्षा का माहौल बना है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है और आमजन का भरोसा लौटा है।
कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों का मनोबल सर्वोपरि
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कठिन भौगोलिक और विषम परिस्थितियों में देश और प्रदेश की सुरक्षा में लगे जवानों का मनोबल बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जवानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके कल्याण, सुविधाओं और आवश्यकताओं को लेकर लगातार प्रयासरत है। जवानों ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और इस आत्मीय मुलाकात को प्रेरणादायक बताया।
बम-गोलियों की जगह अब सुनाई दे रही विकास की आवाज
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प को सुरक्षाबलों द्वारा पूरी दृढ़ता के साथ जमीन पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब बम और गोलियों की आवाज की जगह गांवों में आमजन की चहल-पहल, स्कूलों में बच्चों की ककहरा की गूंज और मंदिरों की घंटियों की थाप सुनाई दे रही है, जो शांति की सबसे बड़ी पहचान है।
स्मृति चिह्न और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ स्वागत
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा जवानों को उपहार भेंट किए गए, वहीं सुरक्षाबलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पुलिस बैंड द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बस्तर महेश कश्यप, लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, आईटीबीपी, सीआरपीएफ और बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आईजी सुंदरराज पी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बस्तर संभाग में शांति स्थापना में जवानों के योगदान की सराहना की।