क्यूआर कोड स्कैन कर थाना सेवाओं पर दे सकेंगे राय, पहले दिन मिला सकारात्मक जन फीडबैक
पुलिस सेवाओं को अधिक पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में बिलासपुर रेंज पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। जनता से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ‘अनुभव’ नामक फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर थानों और पुलिस कार्यालयों के कामकाज पर अपनी राय दे सकेंगे।
बिलासपुर।बिलासपुर रेंज में पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘अनुभव’ फीडबैक व्यवस्था की शुरुआत की गई है। इस पहल का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग द्वारा किया गया। व्यवस्था के लागू होते ही जिले के थानों और पुलिस कार्यालयों में क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर आम नागरिक सीधे अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कर सकते हैं।

शुरुआती दिन में ही प्राप्त फीडबैक का अवलोकन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर श्री रजनेश सिंह द्वारा किया गया। इसमें जिला बिलासपुर पुलिस के कार्यों को लेकर जनसामान्य से अपेक्षाकृत सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है।

विशेष रूप से थाना सिटी कोतवाली, सिविल लाइन, कोटा और सरकंडा थानों को जनता द्वारा बहुत अच्छा फीडबैक दिया गया है। फीडबैक में बताया गया कि कई मामलों में थाना प्रभारियों ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान किया। थानों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यवहार, साफ-सफाई और समग्र वातावरण को भी संतोषजनक बताया गया है।
‘अनुभव’ प्रणाली के माध्यम से प्राप्त फीडबैक के आधार पर पुलिस विभाग अपने कार्यों में आवश्यक सुधार करेगा। वहीं 1-2 थानों को लेकर फरियादियों द्वारा सुधार की आवश्यकता भी जताई गई है। इस संबंध में संबंधित थाना प्रभारियों और कर्मचारियों को विशेष रूप से समझाइश दी गई है। साथ ही नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ‘अनुभव’ फीडबैक व्यवस्था पुलिस सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और जनता के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगी।