विधानसभा थाना क्षेत्र के बरौदा-भुरकुनी मार्ग पर देर रात हादसा, एक युवक गंभीर; पुलिस ने तेज रफ्तार को बताया कारण
राजधानी रायपुर में गुरुवार रात तेज रफ्तार ने तीन जिंदगियां छीन लीं। विधानसभा थाना क्षेत्र के बरौदा-भुरकुनी मार्ग पर बाइक सवार ने साइकिल से जा रहे दंपती को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी और बाइक चालक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। बरौदा और भुरकुनी के बीच तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार पति-पत्नी और बाइक चालक की मौके पर ही गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के अनुसार टेकारी निवासी भोजराज विश्वकर्मी अपनी पत्नी प्यारी बाई विश्वकर्मा के साथ साइकिल से भुरकुनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे मांढर निवासी शुभम यादव ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को हादसे की मुख्य वजह बताया है। एक अन्य घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मामले की जांच जारी है। घटना की पुष्टि डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने की है।