कोनी–मोपका बायपास, सिहावा चौक–नहर नाका सहित रायपुर, दुर्ग, रायगढ़, अंबिकापुर और कबीरधाम में चौड़ीकरण कार्य को मंजूरी
प्रदेश में यातायात को सुगम, तेज और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग ने बीते दो वर्षों में 15 फोर-लेन सड़कों के निर्माण व उन्नयन के लिए 644.18 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल पर ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में चौड़ी व मजबूत सड़कों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
रायपुर। राज्य में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़क नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में बड़े पैमाने पर कदम उठाए गए हैं। लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 15 महत्वपूर्ण फोर-लेन सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और विद्युतीकरण कार्यों के लिए 644 करोड़ 18 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
इन परियोजनाओं में औद्योगिक, शहरी और धार्मिक महत्व के मार्गों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। रायगढ़ जिले में मुख्य जिला मार्ग रायगढ़-लोइंग-महापल्ली (किमी 1 से 5) के फोर-लेन निर्माण व विद्युतीकरण के लिए 81.47 करोड़, ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना चौक तक 2.50 किमी मार्ग के लिए 41.48 करोड़ तथा रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग (किमी 1 से 5) के लिए 55.28 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।
संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किमी फोर-लेन सड़क के लिए 61.34 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। वहीं बिलासपुर में लगभग 14 किमी लंबे कोनी–मोपका फोर-लेन बायपास के लिए 59.55 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है, जिससे शहर में ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर में शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना मार्ग (4.80 किमी) के चौड़ीकरण हेतु 22.78 करोड़ तथा गुढ़ियारी के शुकवारी बाजार से रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक-5 रेलवे फाटक तक 5 किमी मार्ग के लिए 26.52 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। भैंसा-भंडार-तेलासी-सिरपुर मार्ग (किमी 5/2 से 10/10) के लिए 32.72 करोड़ और राजिम में नवीन मेला स्थल (चाबेबांधा) से लक्ष्मण झूला तक 3.50 किमी फोर-लेन के लिए 34.19 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।
दुर्ग जिले में मिनी माता चौक से महाराजा चौक-ठगड़ा बांध तक 4.70 किमी सड़क के लिए 28.57 करोड़ तथा महाराजा चौक से बोरसी चौक तक 1.80 किमी मार्ग के लिए 23.96 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। भिलाई में स्मृति नगर पेट्रोल पंप से आईआईटी जेवरा सिरसा तक 7 किमी फोर-लेन निर्माण के लिए 20.64 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
धमतरी में सिहावा चौक से नहर नाका तक 5 किमी फोर-लेन सड़क के लिए 59.06 करोड़ तथा राजनांदगांव-गुंडरदेही मार्ग में मुजगहन से रत्नाबांधा चौक तक 5 किमी सड़क के लिए 42.41 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किमी 50 से 57 तक 7 किमी सड़क के फोर-लेन उन्नयन और डिवाइडर निर्माण हेतु 54.21 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रदेश में आवागमन अधिक व्यवस्थित होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।