महिला, युवा और किसान पर विशेष फोकस; 23 फरवरी से शुरू होगा विधानसभा का 15 दिवसीय बजट सत्र
छत्तीसगढ़ का बहुप्रतीक्षित आम बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस बार का बजट ‘विजन 2047’ को केंद्र में रखकर तैयार किया जा रहा है। ज्ञान-गति थीम के बाद सरकार एक नए थीम के साथ विकास की नई दिशा प्रस्तुत करेगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से प्रारंभ होगा और 24 फरवरी को राज्य का आम बजट सदन में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि इस वर्ष का बजट दीर्घकालिक विकास दृष्टि ‘विजन 2047’ पर आधारित होगा, जिसमें प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बजट तैयार करते समय महिलाओं, युवाओं और किसानों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सरकार की कोशिश है कि जनहितकारी योजनाओं को और मजबूती मिले तथा प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार प्रदान की जा सके।
सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण होगा, जिसके साथ ही बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत होगी। राज्यपाल अपने संबोधन में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका पेश करेंगे।
सूत्रों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में आधारभूत संरचना विकास पर विशेष जोर रहेगा। छोटे और मध्यम शहरों में खेल मैदानों के विकास तथा यातायात सुधार के लिए रिंग रोड निर्माण जैसे प्रावधान शामिल किए जा सकते हैं।
खेल सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता मिलने के संकेत हैं। नवा रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव आ सकता है। नगर पंचायत पखांजूर में खेल परिसर, दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम और दुर्ग की पहली बटालियन स्थित इंडोर स्टेडियम के अधूरे कार्यों के लिए एक करोड़ रुपए का प्रावधान संभावित है। इसके साथ ही सारंगढ़ के इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण को भी बजट में शामिल किए जाने की चर्चा है।
सरकार का दावा है कि आगामी बजट प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में ठोस कदम साबित होगा। अब सभी की निगाहें 24 फरवरी को पेश होने वाले इस बजट पर टिकी हैं।