जंगल-पहाड़ी इलाके में पुलिस-नक्सली आमने-सामने, इंसास और SLR समेत हथियार बरामद
बस्तर संभाग में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर हुई मुठभेड़ में भैरमगढ़ एरिया कमेटी का एक इनामी नक्सली ढेर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से शव के साथ स्वचालित हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है।
खुफिया सूचना पर निकली थी टीम
पुलिस को 3 मार्च को थाना गीदम क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा हथियार डंप किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक Dantewada के निर्देशन में डीएसपी राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम सर्चिंग पर रवाना हुई।
घात लगाकर किया हमला
दोपहर में सुरक्षाबल संदिग्ध क्षेत्र में तलाशी और घेराबंदी कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच पहले से घात लगाए बैठे भैरमगढ़ एरिया कमेटी के 8 से 10 सशस्त्र नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में ढेर
अचानक हमले के बाद जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी के बाद नक्सली अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में एक पुरुष नक्सली का शव बरामद हुआ।
राजेश पुनेम की पहचान, 5 लाख का था इनाम
मृत नक्सली की पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एसीएम राजेश पुनेम के रूप में हुई है। उस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। शव के पास से SLR रायफल, इंसास रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी सेट, मैगजीन और बड़ी संख्या में जिंदा व खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।
इलाके में सर्चिंग जारी
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक, फरार नक्सलियों की तलाश जारी है और बरामद सामग्री की जांच की जा रही है।