टी-20 विश्वकप में शानदार जीत पर मुख्यमंत्री बोले— खिलाड़ियों के जुझारू प्रदर्शन से देश गौरवान्वित
टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर भारतीय क्रिकेट टीम के फाइनल में पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस जीत को देश के लिए गर्व और उत्साह का क्षण बताया।
रायपुर। टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को पराजित कर भारतीय क्रिकेट टीम के फाइनल में पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहतरीन टीमवर्क, साहस और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए इंग्लैंड के खिलाफ यादगार जीत दर्ज की है। खिलाड़ियों के जुझारू प्रदर्शन ने देशवासियों में उत्साह और गर्व की भावना पैदा की है।
उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक मैच की सफलता नहीं बल्कि देश के आत्मविश्वास और तिरंगे की प्रतिष्ठा का प्रतीक है। भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह साबित कर दिया है कि वे विश्व क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ बनने की क्षमता रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने फाइनल मुकाबले के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि टीम इसी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए विश्व मंच पर नया इतिहास रचेगी।