मिडिल ईस्ट तनाव के बीच गैस आपूर्ति को लेकर सतर्कता, सरकार ने रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए
केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के अनुसार अब 14.2 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 913 रुपए में मिलेगा। बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू हो गई हैं।
नई दिल्ली (ए)। घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। केंद्र सरकार ने 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरों के मुताबिक अब दिल्ली में यह सिलेंडर 913 रुपए में उपलब्ध होगा, जबकि पहले इसकी कीमत 853 रुपए थी।
इसके साथ ही 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भी 115 रुपए की वृद्धि की गई है। नई कीमत के अनुसार यह सिलेंडर अब 1883 रुपए में मिलेगा। संशोधित दरें 7 मार्च से प्रभावी हो गई हैं।
करीब एक वर्ष के अंतराल के बाद घरेलू सिलेंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले अप्रैल 2025 में सरकार ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़ाए थे। वहीं हाल ही में मार्च 2026 की शुरुआत में कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में भी वृद्धि की गई थी।
गैस कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय की गई है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। संभावित संकट को देखते हुए सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए देश की तेल रिफाइनरी कंपनियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया है कि सभी रिफाइनरियों को प्रोपेन और ब्यूटेन का उपयोग मुख्य रूप से रसोई गैस के उत्पादन के लिए करना होगा। साथ ही इन गैसों की आपूर्ति सरकारी तेल विपणन कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिना किसी रुकावट के गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करना है, ताकि संभावित वैश्विक परिस्थितियों का घरेलू बाजार पर कम से कम प्रभाव पड़े।