डायल-112 के पायलट पर आरोप, पीड़ित परिवार ने सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की; पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में धर्मांतरण के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि डायल-112 के एक पायलट ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक परिवार के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ की। हालांकि आरोपी पक्ष ने इन आरोपों को नकारते हुए इसे जमीन विवाद बताया है।
बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि डायल-112 में पदस्थ एक पायलट ने अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोस में रहने वाले परिवार के साथ मारपीट की और उनके घर में तोड़फोड़ की। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
कुंदरा पारा निवासी मोहितराम खांडे अपने परिवार के साथ रहते हैं। पास में ही उनके रिश्तेदार तोमन खांडे का घर है, जो डायल-112 में पायलट के रूप में कार्यरत हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि तोमन खांडे पिछले कुछ समय से उन पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि होली के दिन कुछ लोगों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई और घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की गई। घटना के बाद परिवार के सदस्य महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ पुलिस अधिकारियों से मिलने पहुंचे और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि डर के कारण वे पिछले कई दिनों से अपने घर नहीं लौट पा रहे हैं।
पीड़ितों का यह भी दावा है कि घटना से जुड़ा वीडियो उनके पास मौजूद है। उनका कहना है कि इससे पहले भी धर्मांतरण को लेकर विवाद और धमकी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई थी।
वहीं आरोपी तोमन खांडे ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि यह मामला पुराने जमीन विवाद से जुड़ा है। उनका आरोप है कि मोहितराम खांडे और उनके परिजनों ने ही उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और सामान को नुकसान पहुंचाया, जिससे उन्हें आर्थिक हानि हुई है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जानकारी में जमीन विवाद की बात सामने आई थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।