ट्रम्प के ‘युद्ध जल्द खत्म’ बयान से बाजार में भरोसा बढ़ा; सेंसेक्स 300 अंक चढ़ा, एशियाई बाजारों में भी तेजी
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। मंगलवार को सेंसेक्स 300 अंकों से अधिक उछलकर 77,800 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी करीब 100 अंक चढ़कर 24,150 के आसपास कारोबार करता नजर आया।
मुंबई (ए)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज गिरावट का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया। मंगलवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स 300 अंकों से अधिक की बढ़त के साथ 77,800 के स्तर तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 100 अंक मजबूत होकर 24,150 के आसपास कारोबार करता रहा। बाजार में बैंकिंग, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में खास तेजी देखी गई।
ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में मंगलवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एशियाई कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड करीब 8.5 प्रतिशत गिरकर 92.50 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया। इससे एक दिन पहले इसकी कीमत 115 डॉलर के आसपास पहुंच गई थी। वहीं अमेरिकी कच्चा तेल (WTI) भी लगभग 9 प्रतिशत टूटकर 88.60 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया।
विशेषज्ञों के अनुसार तेल की कीमतों में यह गिरावट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने चल रहे युद्ध के जल्द समाप्त होने की संभावना जताई थी। इस बयान से वैश्विक सप्लाई चेन को लेकर बनी अनिश्चितता कुछ कम हुई है और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। हालांकि तेल की मौजूदा कीमतें अभी भी युद्ध से पहले के स्तर की तुलना में करीब 30 प्रतिशत अधिक बनी हुई हैं।
एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक रुख देखा गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 5.10 प्रतिशत बढ़कर 5,518 पर पहुंच गया, जबकि जापान का निक्केई 1,670 अंक यानी 3.20 प्रतिशत उछलकर 54,399 पर कारोबार करता नजर आया। हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 325 अंक की बढ़त के साथ 25,731 पर रहा। हालांकि चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 13.01 अंक गिरकर 4,109 के स्तर पर कारोबार करता रहा।
वहीं अमेरिकी शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई थी। डाउ जोंस 239 अंक यानी 0.50 प्रतिशत गिरकर 47,740 पर बंद हुआ। टेक्नोलॉजी आधारित नैस्डैक कंपोजिट 1.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,695 पर और एसएंडपी 500 इंडेक्स 55 अंक यानी 0.83 प्रतिशत टूटकर 6,795 के स्तर पर बंद हुआ।
इधर घरेलू कमोडिटी बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 24 कैरेट सोना 1,500 रुपए बढ़कर 10 ग्राम के लिए 1.62 लाख रुपए पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमतों में भी तेज उछाल आया और यह 8,000 रुपए बढ़कर 2.75 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई।