छत्तीसगढ़ के कई जिलों में एलपीजी की किल्लत, बिलासपुर में एजेंसी पर ताला, जगदलपुर के होटलों में लकड़ी के भट्ठों पर बनने लगा खाना
अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गैस सिलेंडर को लेकर परेशानी बढ़ गई है। रायपुर सहित विभिन्न शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि कुछ स्थानों पर सिलेंडर की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
रायपुर। एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर छत्तीसगढ़ के कई शहरों में उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, सरगुजा और रायगढ़ सहित कई जिलों में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। उपभोक्ता तेज धूप में घंटों खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब गैस आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। कई जगहों पर एलपीजी सिलेंडर की कमी की चर्चा के बीच कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
बिलासपुर में एक गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ने के बाद एजेंसी में ताला लगने की खबर भी सामने आई है। वहीं बस्तर संभाग के जगदलपुर में गैस सिलेंडर की कमी के चलते कुछ होटलों और ढाबों में लकड़ी के भट्ठों पर खाना पकाया जा रहा है।
इधर तकनीकी समस्या के कारण गैस बुकिंग व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। फिलहाल ऑनलाइन और मिस्ड कॉल के माध्यम से सिलेंडर बुकिंग अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग कर रखी है, उन्हें भी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए करीब 10 से 12 दिन तक इंतजार करने की जानकारी दी जा रही है।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और प्रदेश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों के मुताबिक आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।