बिलासपुर, कोरबा, बालोद और लोरमी में भीषण हादसे; ट्रेलर, बस और हिट एंड रन ने छीनी जानें
छत्तीसगढ़ की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार ने एक बार फिर मौत का तांडव मचा दिया। अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में एक स्कूली मासूम सहित पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए। घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रायपुर/बिलासपुर/कोरबा। प्रदेश में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक ही दिन में पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। बिलासपुर, कोरबा, बालोद और लोरमी में हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी।
स्कूल जाते समय मासूम की मौत
बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में 12 वर्षीय जयवंत पटेल की जिंदगी स्कूल पहुंचने से पहले ही थम गई। साइकिल से स्कूल जा रहे बच्चे को तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल जयवंत ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
कोरबा में ट्रेलर ने ली तीन युवकों की जान
कोरबा जिले में कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पलट गया और तीनों युवक उसके नीचे दब गए। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की।
बालोद हाईवे पर भिड़ंत, यातायात ठप
बालोद जिले के नेशनल हाईवे-30 पर तीन वाहनों की टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। एक ट्रक के अचानक अनियंत्रित होने के बाद पीछे चल रही गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। हादसे में दो लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया।
लोरमी में हिट एंड रन, आरोपी फरार
लोरमी क्षेत्र में तेज रफ्तार माजदा वाहन ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।