वैश्विक तनाव और मुनाफावसूली का असर; रिकॉर्ड स्तर से सोना ₹20 हजार और चांदी ₹1.35 लाख नीचे
अंतरराष्ट्रीय हालात और निवेशकों की मुनाफावसूली के बीच सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई है। पिछले तीन दिनों में चांदी ₹18 हजार से ज्यादा सस्ती हो गई, जबकि सोने के दाम भी लगातार दबाव में हैं और ₹1.55 लाख प्रति 10 ग्राम तक फिसल गए हैं।
नई दिल्ली (ए)। सर्राफा बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट का रुख बना हुआ है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, चांदी की कीमतों में आज 2,177 रुपए की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद इसका भाव 2.50 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गया। मंगलवार को चांदी 2.52 लाख रुपए प्रति किलो पर थी।
वहीं, सोने के दाम में भी हल्की गिरावट देखने को मिली। 24 कैरेट सोना 143 रुपए सस्ता होकर 1.55 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले यह 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था।
तीन दिन में बड़ी गिरावट
पिछले तीन दिनों में सोना 4,778 रुपए और चांदी 18,138 रुपए तक सस्ती हो चुकी है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक अनिश्चितता के चलते निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है।
शहरों में अलग-अलग क्यों होते हैं दाम
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में अंतर के पीछे कई कारण हैं। आयात केंद्रों से दूरी के कारण ट्रांसपोर्टेशन और सुरक्षा लागत बढ़ती है। वहीं, दक्षिण भारत जैसे क्षेत्रों में अधिक खपत के चलते ज्वेलर्स को थोक खरीद पर छूट मिलती है, जिससे वहां कीमतें अपेक्षाकृत कम हो सकती हैं।
इसके अलावा, स्थानीय ज्वेलरी एसोसिएशन अपने-अपने क्षेत्रों में मांग और आपूर्ति के आधार पर दरें तय करते हैं। ज्वेलर्स के पुराने स्टॉक की खरीद कीमत भी खुदरा दामों को प्रभावित करती है।
रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे फिसला सोना
इस साल की शुरुआत में सोने ने तेज उछाल दर्ज किया था। 31 दिसंबर 2025 को जहां इसकी कीमत 1.33 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम थी, वहीं 29 जनवरी 2026 को यह 1.76 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, अब यह अपने उच्चतम स्तर से करीब 20,596 रुपए सस्ता हो चुका है।
चांदी में ज्यादा उतार-चढ़ाव
चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 29 जनवरी 2026 को 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद अब यह करीब 1.35 लाख रुपए तक गिर चुकी है। बीते कुछ हफ्तों में ही इसमें तेज गिरावट दर्ज की गई है।