- सैन्य बेस फोर्ट मैकनेयर के ऊपर कई ड्रोन दिखे, पहचान अब तक नहीं
- मार्को रुबियो और पीट हेगसेथ इसी बेस में रह रहे, शिफ्टिंग पर मंथन
अमेरिका की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था उस समय सख्त कर दी गई, जब विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री के निवास वाले सैन्य बेस के ऊपर संदिग्ध ड्रोन मंडराते देखे गए। इस घटना के बाद व्हाइट हाउस में आपात बैठक बुलाई गई और शीर्ष नेताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर मंथन शुरू हो गया है।
वॉशिंगटन (ए)। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में उस वक्त सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई, जब एक महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाने के ऊपर संदिग्ध ड्रोन देखे गए। यह घटना फोर्ट लेसली जे. मैकनेयर बेस के ऊपर हुई, जहां अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का निवास है।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले 10 दिनों के भीतर एक रात कई ड्रोन इस क्षेत्र के ऊपर मंडराते नजर आए। इनकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वे किस स्रोत से आए थे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद पहले से ही सुरक्षा अलर्ट जारी था। ऐसे में इस तरह की गतिविधियों ने खतरे की आशंका को और बढ़ा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए व्हाइट हाउस में इमरजेंसी बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। इस बीच यह भी चर्चा हुई कि क्या विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, हालांकि फिलहाल उन्हें वहीं बनाए रखा गया है।
घटना के बाद अमेरिका ने दुनियाभर में अपने दूतावासों को भी सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही देश के भीतर कई सैन्य ठिकानों की सुरक्षा बढ़ाकर ‘चार्ली’ स्तर कर दी गई है, जो संभावित खतरे का संकेत होता है।
न्यू जर्सी स्थित जॉइंट बेस मैकग्वायर-डिक्स-लेकहर्स्ट और फ्लोरिडा के मैकडिल एयर फोर्स बेस पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक तनाव के मौजूदा माहौल में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती हैं।