-
सोना 1.47 लाख और चांदी 2.32 लाख पर आई
-
डॉलर की बढ़ती मांग और वैश्विक तनाव से दबे कीमती धातुओं के दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती अनिश्चितता और डॉलर की मांग में उछाल के चलते इस सप्ताह सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों द्वारा सुरक्षित नकदी (डॉलर) की ओर रुख करने से दोनों धातुओं पर दबाव बना है।
नई दिल्ली (ए)। वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच इस सप्ताह सोना और चांदी दोनों की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। सोना करीब 11 हजार रुपए सस्ता होकर 1.47 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 28 हजार रुपए टूटकर 2.32 लाख रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। पिछले सप्ताह सोना 1.58 लाख रुपए के स्तर पर था, जहां से इसमें उल्लेखनीय गिरावट आई है। वहीं चांदी भी 2.60 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर से नीचे फिसल गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच निवेशकों ने सोने-चांदी जैसी सुरक्षित संपत्तियों से पैसा निकालकर नकदी, खासकर डॉलर में निवेश बढ़ाया है। इससे डॉलर की मांग में तेजी आई और कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बना।
क्यों गिर रहे हैं सोना-चांदी के दाम?
वैश्विक तनाव के बीच निवेशक कैश (डॉलर) की ओर शिफ्ट हो रहे हैं
डॉलर मजबूत होने से सोना-चांदी महंगे पड़ते हैं, मांग घटती है
बाजार में अस्थिरता के चलते मुनाफावसूली बढ़ी
अंतरराष्ट्रीय संकेतों का घरेलू बाजार पर सीधा असर
अलग-अलग शहरों में कीमतें अलग क्यों?
देश के विभिन्न शहरों में सोने के दाम एक जैसे नहीं होते, इसके पीछे कई वजहें हैं—
ट्रांसपोर्ट और सुरक्षा खर्च: दूरी बढ़ने पर लागत बढ़ती है
डिमांड का अंतर: दक्षिण भारत में ज्यादा खपत, इसलिए कीमतों में अंतर
स्थानीय एसोसिएशन की भूमिका: हर शहर में अलग रेट तय होता है
पुराने स्टॉक का प्रभाव: ज्वेलर्स के खरीद रेट के आधार पर कीमत बदलती है
ऑल टाइम हाई से अब तक बड़ी गिरावट
इस साल की शुरुआत से ही सोना-चांदी में तेज उतार-चढ़ाव देखा गया है।
सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 29 हजार रुपए तक सस्ता हो चुका है
चांदी ने भी रिकॉर्ड स्तर से करीब 1.5 लाख रुपए की गिरावट दर्ज की है