- पंजाब से संचालित सिंडिकेट का खुलासा, कुरियर और ट्रकों से होती थी सप्लाई
- मास्टरमाइंड ‘टियर-1 सप्लायर’ गिरफ्तार, पाकिस्तान सीमा से जुड़ा नेटवर्क
*रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पंजाब से संचालित इस सिंडिकेट के चार प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो पाकिस्तान सीमा से ड्रग्स लाकर रायपुर में खपाते थे।*
रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कबीर नगर, आमानाका थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पंजाब से संचालित इस गिरोह के चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कवलजीत सिंह पन्नू, तरसेम सिंह, विक्की सिंह और जनक राज के रूप में हुई है। इनमें कवलजीत सिंह पन्नू को गिरोह का मास्टरमाइंड और ‘टियर-1 सप्लायर’ माना जा रहा है, जो सीधे पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों से हेरोइन की खरीद करता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी हेरोइन को सामान्य पार्सल के रूप में छिपाकर कुरियर सेवाओं के जरिए रायपुर भेजते थे। इसके अलावा ट्रक चालकों की मदद से वैध माल की आड़ में भी ड्रग्स की सप्लाई की जा रही थी। शहर में पहुंचने के बाद नेटवर्क के सदस्य ग्राहकों के ठिकानों तक इसकी डिलीवरी करते थे।
पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान कवलजीत सिंह पन्नू के पास से बरेटा पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह गिरोह हथियारों के बल पर अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
कार्रवाई को लेकर अधिकारियों ने बताया कि पूरे ऑपरेशन को चार चरणों में अंजाम दिया गया। पहले चरण में रायपुर में सक्रिय स्थानीय सप्लायर्स को पकड़ा गया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर पंजाब कनेक्शन का खुलासा हुआ। तीसरे चरण में कुरियर और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को चिन्हित किया गया, जबकि अंतिम चरण में मुख्य सप्लायर को पंजाब में दबोचा गया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में नशे के कारोबार को बड़ा झटका लगा है।