मकान दिलाने का झांसा देकर किश्तों में वसूले 7.10 लाख रुपए
आरडीए पहुंचने पर खुली पोल, दस्तावेज निकले पूरी तरह फर्जी
*रायपुर में मकान दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक महिला को फर्जी आवंटन पत्र थमाकर 7 लाख से ज्यादा की रकम हड़प ली गई। सच्चाई तब उजागर हुई जब पीड़िता दस्तावेज लेकर आरडीए कार्यालय पहुंची और उन्हें नकली बताया गया।*
रायपुर। राजधानी में रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के मकान दिलाने के नाम पर एक महिला से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने खुद को प्रभावशाली बताकर महिला को भरोसे में लिया और फर्जी आवंटन पत्र सौंपकर उससे 7.10 लाख रुपए ऐंठ लिए।
माना थाना क्षेत्र की निवासी कविता मंडल (38) अपने लिए घर की तलाश में थीं। इसी दौरान जुलाई 2024 में उनकी मुलाकात राकेश मंडल, सरिता मंडल और पुनीत सिंह से हुई। आरोपियों ने आरडीए में अपनी पकड़ होने का दावा करते हुए जल्द मकान आवंटित कराने का भरोसा दिलाया।
विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने 8 जुलाई से 22 जुलाई 2024 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 7.10 लाख रुपए वसूल किए। इसके बाद महिला को आरडीए के नाम पर तैयार किए गए फर्जी सील और हस्ताक्षर वाले आवंटन पत्र समेत अन्य दस्तावेज सौंप दिए गए।
जब पीड़िता इन दस्तावेजों के आधार पर कब्जा लेने आरडीए कार्यालय पहुंची, तब अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं और उनके नाम पर कोई मकान आवंटित नहीं किया गया है। इसके बाद महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
पैसे वापस मांगने पर आरोपी लंबे समय तक टालमटोल करते रहे। अंततः परेशान होकर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट ने माना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका और नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।