खमतराई पुलिस की दबिश में 16 घरेलू सिलेंडर जब्त, बिना दस्तावेज ऊंचे दाम पर बिक्री की तैयारी
राजधानी रायपुर में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण और बिक्री करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
रायपुर। राजधानी में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खमतराई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण करने वाले एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 इंडियन गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 64 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय साव (30) के रूप में हुई है, जो रावाभाठा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में संतोष किराना स्टोर का संचालन करता है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंजारी मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर उन्हें ऊंचे दाम पर बेचने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खमतराई पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपी को मौके से ही सिलेंडरों के साथ पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान जब उससे सिलेंडरों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल मामले की सूचना खाद्य विभाग को भेजी जा रही है, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके।