CM और PM के रूप में 8931 दिन पूरे; पवन चामलिंग को पीछे छोड़ा, नेहरू का रिकॉर्ड अब भी बरकरार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए देश में सबसे लंबे समय तक सरकार प्रमुख रहने वाले नेता का दर्जा हासिल कर लिया है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके कुल कार्यकाल ने पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
नई दिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए भारत में सबसे अधिक समय तक सरकार प्रमुख रहने वाले नेता का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में कुल 8,931 दिन पूरे करते ही उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
नरेंद्र मोदी इससे पहले भी गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री रह चुके हैं। साथ ही वे ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने का सबसे लंबा अनुभव है। उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और इसके बाद वे लगातार चार बार इस पद पर रहे।
राजनीतिक सफर में मोदी अब तक तीन बार देश के प्रधानमंत्री बन चुके हैं। लगभग 14 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई और 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बने।
लगातार प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल की बात करें तो नरेंद्र मोदी इस मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं। वे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिनों के कार्यकाल को पार कर चुके हैं और 22 मार्च 2026 तक 4318 दिन पूरे कर चुके हैं।
हालांकि, देश में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अब भी जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज है, जिन्होंने 1947 से 1964 तक कुल 6126 दिनों तक यह पद संभाला। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए नरेंद्र मोदी को 2029 के बाद भी प्रधानमंत्री पद पर बने रहना होगा।
वहीं, पवन कुमार चामलिंग का नाम देश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता के रूप में दर्ज है। उन्होंने 12 दिसंबर 1994 से 26 मई 2019 तक करीब 24 साल से अधिक समय तक सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और इस दौरान उन्होंने ज्योति बसु का रिकॉर्ड भी तोड़ा था।