एक्साइज ड्यूटी घटने से कीमतों में कमी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित भाजपा नेताओं ने निर्णय का किया स्वागत
केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती किए जाने के फैसले को छत्तीसगढ़ में राहतभरा कदम बताया गया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच आम जनता को राहत देने वाला निर्णय बताया है।
रायपुर। वैश्विक स्तर पर बढ़ते ऊर्जा संकट के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती कर आम लोगों को राहत देने की पहल की है। इस निर्णय के तहत पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपए से घटाकर 3 रुपए कर दिया गया है, जबकि डीजल पर 10 रुपए की ड्यूटी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जनहित को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि रामनवमी के पावन अवसर पर लिया गया यह निर्णय देशवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने भी इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया युद्ध और ऊर्जा संकट से जूझ रही है, तब भारत का मजबूत नेतृत्व देश को स्थिरता प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर टैक्स में कटौती से नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
भाजपा मुख्य प्रवक्ता और सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के चलते वैश्विक बाजार में ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में केंद्र सरकार का यह निर्णय नागरिकों को राहत देने के साथ-साथ उसकी जन-केंद्रित नीति को भी दर्शाता है।
वहीं, भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय और यशवंत जैन ने भी इस फैसले को साहसिक बताते हुए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता ही ऐसे निर्णयों का आधार होती है।