‘मन की बात’ में पीएम की अपील—अफवाहों से रहें दूर, सरकार की जानकारी पर ही करें भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में वैश्विक स्तर पर जारी युद्ध और उससे उत्पन्न ऊर्जा संकट पर चिंता जताते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर दबाव के बावजूद भारत स्थिति से मजबूती से निपट रहा है। उन्होंने देशवासियों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।
नई दिल्ली (ए)। वैश्विक स्तर पर बढ़ते युद्ध और तनावपूर्ण हालात के बीच पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर संकट गहराता जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दुनिया के जिस क्षेत्र में संघर्ष जारी है, वही क्षेत्र ऊर्जा आपूर्ति का प्रमुख केंद्र है, जिसके चलते वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट की स्थिति बन रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पिछले एक दशक में अपने अंतरराष्ट्रीय संबंधों और आंतरिक क्षमता को मजबूत किया है, जिसके चलते देश इस चुनौती का डटकर सामना कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि देशवासी एकजुट होकर इस कठिन परिस्थिति से भी सफलतापूर्वक बाहर निकलेंगे।
उन्होंने देशवासियों से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल सरकार द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। पीएम ने चेताया कि कुछ तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जो देशहित के खिलाफ है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मार्च का महीना वैश्विक स्तर पर काफी उथल-पुथल भरा रहा है। कोरोना महामारी के बाद दुनिया के सामान्य होने की उम्मीद थी, लेकिन विभिन्न क्षेत्रों में लगातार युद्ध और संघर्ष की स्थितियां बनती जा रही हैं, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और आपूर्ति श्रृंखलाओं पर असर पड़ा है।
उन्होंने खाड़ी देशों का आभार भी व्यक्त किया, जहां बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक कार्यरत हैं। पीएम ने कहा कि वहां की सरकारें भारतीयों की सुरक्षा और सहायता के लिए लगातार सहयोग कर रही हैं, जो सराहनीय है।