चैत्र के आखिरी मंगलवार पर उमड़ी भारी भीड़, दर्शन की जल्दबाजी बनी हादसे की वजह
बिहार के नालंदा जिले में शीतला अष्टमी के अवसर पर एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से 8 महिलाओं की जान चली गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए।
बिहार (ए)। नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। भगदड़ की इस घटना में 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चैत्र माह के आखिरी मंगलवार और विशेष पूजा के कारण मंदिर परिसर में असामान्य भीड़ जुटी थी। गर्भगृह छोटा होने के कारण श्रद्धालु जल्द दर्शन करने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे, जिससे अचानक भगदड़ की स्थिति बन गई।
घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल मंदिर और आसपास लगने वाले मेले को बंद करा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है, वहीं राज्य सरकार ने पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए हैं।
मृतकों में अब तक दो महिलाओं की पहचान हो पाई है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। यह हादसा एक बार फिर भीड़ प्रबंधन की कमी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर गया है।