फास्टैग और UPI से ही होगा भुगतान, टैक्स और बैंकिंग से जुड़े कई बदलाव आज से प्रभावी
नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ देशभर में कई अहम नियमों में बदलाव होने जा रहा है। 1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर नगद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, वहीं टैक्स और बैंकिंग से जुड़े कई नए प्रावधान लागू होंगे।
नई दिल्ली (ए)। देश में 1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर भुगतान व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल हो जाएगी। अब वाहन चालकों को टोल टैक्स चुकाने के लिए फास्टैग या यूपीआई का ही उपयोग करना होगा, क्योंकि नगद भुगतान की सुविधा समाप्त की जा रही है। बिना डिजिटल माध्यम के टोल पार करने पर चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
इसी के साथ नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत से टैक्स, बैंकिंग और अन्य वित्तीय व्यवस्थाओं में भी कई बदलाव लागू होंगे। 31 मार्च की मध्यरात्रि के बाद कई जरूरी कामों की समयसीमा समाप्त हो जाएगी, जिनमें निवेश और टैक्स बचत से जुड़े कार्य शामिल हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, पब्लिक प्रोविडेंट फंड, नेशनल पेंशन स्कीम और सुकन्या समृद्धि योजना जैसे खातों को सक्रिय बनाए रखने के लिए न्यूनतम राशि जमा करना आवश्यक है। वहीं पुरानी टैक्स व्यवस्था में छूट का लाभ लेने के लिए भी निवेश की अंतिम तिथि 31 मार्च ही है।
नौकरीपेशा लोगों के लिए निवेश से जुड़े दस्तावेज समय पर जमा करना जरूरी बताया गया है, अन्यथा वे अतिरिक्त टीडीएस कटौती का सामना कर सकते हैं। कुल मिलाकर, 1 अप्रैल से लागू होने वाले इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की दैनिक वित्तीय गतिविधियों पर पड़ेगा।