Oplus_131072
सीएसपी की पेट्रोलिंग टीम ने दौड़ाकर पकड़ा आरोपी, छीनी गई चेन बरामद
शहर में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिला की आवाज सुनते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे युवक को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
दुर्ग। घटना उस समय की है जब एक युवक अचानक महिला के गले से चेन छीनकर भागने लगा। उसी दौरान इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी अपनी टीम के साथ वहां से गुजर रहे थे। महिला की आवाज सुनते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और आरोपी का पीछा शुरू किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से छीनी गई चेन भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में आरोपी की पहचान हर्ष चंद्राकर (22 वर्ष), निवासी खुर्सीपार, भिलाई के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उसकी योजना नाकाम हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया और उसे हिरासत में ले लिया है।
आरोपी के खिलाफ चेन स्नेचिंग का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में लगातार पेट्रोलिंग और सतर्कता के कारण इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।