कचना स्थित प्रोजेक्ट साइट पर मिट्टी धंसने से हादसा; झारखंड निवासी मजदूर की गई जान, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां मिट्टी धंसने से एक कारपेंटर जिंदा दफन हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रायपुर। राजधानी के कचना इलाके में चल रहे एक निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक बिल्डिंग प्रोजेक्ट साइट पर मिट्टी धंसने से 32 वर्षीय कारपेंटर गुड्डू रवि की दबकर मौत हो गई। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रहेजा प्रोजेक्ट की साइट पर क्लब हाउस का निर्माण कार्य जारी था, जहां शनिवार को दो दर्जन से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान गुड्डू रवि शटरिंग के काम के लिए करीब 8 फीट गहरे गड्ढे में उतरा हुआ था। काम के बीच अचानक मिट्टी का भारी मलबा उस पर गिर पड़ा, जिससे वह मौके पर ही दब गया।
सहकर्मियों ने तत्काल उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। बताया जा रहा है कि दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
मृतक झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला था और करीब एक महीने पहले ही रोज़गार के लिए रायपुर आया था। वह स्थानीय ठेकेदार के साथ काम कर रहा था। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें हादसे की सही जानकारी नहीं दी गई और पहले बीमारी का हवाला देकर बुलाया गया।
परिजन जब रायपुर के मेकाहारा अस्पताल पहुंचे, तब उन्हें वास्तविक स्थिति का पता चला। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गया है, जिनमें सबसे छोटी की उम्र महज नौ महीने है।
घटना के बाद साइट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मर्ग कायम किया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
खम्हारडीह थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर कर दिया है।