देशभर में कार्यक्रमों की धूम; पीएम मोदी ने दी बधाई, शाह ने बताया मूल मंत्र, राज्यों में भी आयोजन
भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर शीर्ष नेताओं ने संगठन की विचारधारा और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने का संदेश दिया।
नई दिल्ली (ए)। देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को अपना 47वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर देशभर के पार्टी कार्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए और संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा जताई कि पार्टी का सामूहिक प्रयास देश को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में पार्टी के मूल सिद्धांत ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट’ को दोहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता इसी भावना के साथ राष्ट्रसेवा में समर्पित है और पार्टी ने लोकतंत्र को मजबूत करते हुए सुशासन और पारदर्शिता को स्थापित किया है।
राज्यों में भी स्थापना दिवस को लेकर व्यापक आयोजन किए गए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में भाजपा का ध्वज फहराया और उसके साथ सेल्फी लेकर कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का संचार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की यात्रा सत्ता नहीं, बल्कि संस्कार और विचार आधारित है, जो ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। मध्य प्रदेश में इस अवसर पर 17 नए भाजपा कार्यालयों के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया, जो संगठन के विस्तार और मजबूती का प्रतीक माना जा रहा है।
भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी, जिसकी वैचारिक नींव 1951 में स्थापित भारतीय जनसंघ से जुड़ी है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय जैसे नेताओं की विचारधारा से प्रेरित होकर बनी भाजपा आज देश की प्रमुख राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हो चुकी है।
पार्टी ने अपने राजनीतिक सफर में कई महत्वपूर्ण पड़ाव पार किए हैं। अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने केंद्र की सत्ता संभाली और 2019 के लोकसभा चुनाव में 303 सीटें जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया।